केदारनाथ में चार फीट बर्फ जमा होने के कारण एमआई-26 ने गौचर हवाई पट्टी से उड़ान नहीं भर पाया। साफ आसमान और गुनगुनी धूप के बावजूद केदारनाथ में दिन में 11 बजे तक माइनस में ही था।
केदारनाथ में एमआई-26 हेलीपैड सहित मंदिर परिसर और अन्य स्थानों पर 4 से 4.5 फीट बर्फ जमा है। स्थितियां अनुकूल नहीं होने से एमआई-26 दूसरे दिन भी केदारनाथ की उड़ान नहीं भर सका।
चौथी बार उड़ान कैंसिल
दस दिनों में यह चौथा अवसर रहा जब एमआई-26 की गौचर हवाई पट्टी से केदारनाथ के लिए उड़ान नहीं भर पाया।
बृहस्पतिवार को केदारनाथ में प्रात: 7 बजे तापमान माइनस 7.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि प्रात: 8 बजे यह माइनस 6.8 और दोपहर 1 बजे 3 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। दिन में मौसम सुहावना होने के कारण शीत हवाओं में भी थोड़ी कमी रही।
हेलीपैड पर जमा बर्फ हटाने का काम जोरों पर
निम ने एमआई-26 हेलीपैड पर जमी बर्फ हटाने के लिए चार जेसीबी की मदद ली। दोपहर तक यहां 45 फीसदी बर्फ हटा दी गई थी। निम के मजदूरों ने बेस कैंप से लेकर मंदिर परिसर और रास्तों पर जमी बर्फ को भी साफ कर दिया है।
निम के रंजीत सिंह नेगी ने बताया कि हेलीपैड से मंदाकिनी नदी तक बनने वाले रास्ते पर भारी बर्फ जमा होने से निर्माण कार्य बंद कर दिया गया है। शनिवार से पुन: काम शुरू किया जाएगा।