उत्तराखंड के गोपेश्वर में सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्र में दोपहर बाद जमकर हिमपात हुआ।
बदरीनाथ के निचले क्षेत्रों के साथ ही हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, गौरसों बुग्याल, लाल माटी, नंदा देवी, नंदा घुंघटी, अनुसूया माता और नीती घाटी में बर्फबारी हुई।
नहीं दिखे सूर्यदेव
रविवार को दिनभर धूप खिली रहने के बावजूद बर्फीली हवाओं से लोगों का जीना मुहाल रहा। सोमवार को दिनभर लोगों को सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो पाए।
स्थानीय निवासी महेंद्र सिंह रावत का कहना है कि निचले क्षेत्रों में बारिश होती है तो यह गेहूं और फल-सब्जी के लिए लाभदायक होगी।
कर्णप्रयाग में सुबह साफ मौसम के बावजूद शाम तक आसमान को घने बादलों ने घेर लिया। दो दिनों में खिली धूप के बाद अचानक मौसम की इस करवट से सोमवार शाम तक ठंड बढ़ गई। तेज बर्फीली हवाओं ने लोगों को यहां घरों में कैद रहने को मजबूर किया।