मानसून का इंतजार खत्म होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। अभी तक के अनुमान के मुताबिक 48 घंटे में मानसून एक्सप्रेस पटना, जबलपुर से उत्तर प्रदेश में एंट्री कर जाएगी।
इसके बाद चूंकि नजदीकी प्रदेशों में उत्तराखंड है, इसलिए जून के अंतिम सप्ताह में यहां भी मानसून पहुंचने की उम्मीद है। अच्छी खबर यह भी है कि अभी तक प्रदेश में मानसून को लेट नहीं माना जा रहा है।
देश के बाकी हिस्सों में मानसून के देरी से पहुंचने को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है, लेकिन उत्तराखंड के लिहाज से स्थिति बेहतर है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड में मानसून के पहुंचने का समय 22 से 30 जून के बीच माना जाता है।
इस बार भी जून के अंतिम सप्ताह तक मानसून यहां पहुंच सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 48 घंटे में मानसून यूपी के बड़े हिस्से पर दस्तक देने जा रहा है। इसके बाद उत्तराखंड में इसके आने की संभावना है। हालांकि, अभी तारीख की घोषणा मौसम विभाग ने नहीं की है।
मौसम विभाग के के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि पुराना रिकॉर्ड देखें तो उत्तराखंड के लिहाज से मानसून समय पर चल रहा है। पूरी उम्मीद है कि प्रदेश में मानसून समय से पहुंच जाएगा।
उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी
बारिश से बेहाल हुई सड़क
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी देहरादून में मंगलवार की सुबह गरज के साथ तेज बारिश शुरू हुई। जिससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में कमी दर्ज की गई।
दून के साथ राज्य के अन्य जिलों में भी मंगलवार की सुबह बारिश का दौर जारी रहा। उधर, पिछले कुछ दिनों से मौसम विभाग उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी कर रहा है। सोमवार को भी विभाग ने राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई थी।
उत्तराखंड में छह जिलों में आगामी 48 घंटे भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटे ऊधमसिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़, नैनीताल, पौड़ी, हरिद्वार और देहरादून में भारी बारिश की संभावना है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से यह बारिश हो रही है। राजधानी में बारिश की वजह से दिन के तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट आ सकती है।
Published By : Nirmala Suyal