देहरादून के वीकली संडे मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हीरा लाल ने हाईकोर्ट में अवमानना याचिका दायर कर कहा था कि वह देहरादून के परेड ग्राउंड के पीछे और तिब्बती मार्केट के सामने 2004 से प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक बाजार लगाते आ रहे हैं वहां तीन सौ से अधिक लोग दुकानें लगाते हैं और हर माह नगर निगम को तीन सौ रुपये प्रति दुकान के हिसाब से किराया भी देते आए हैं।
याचिका में कहा गया कि 2004 में जिलाधिकारी ने यह जगह उन्हें संडे बाजार लगाने के लिए दी थी लेकिन नगर निगम ने प्रशासन के साछ मिलकर जनहित याचिका में दिए गए आदेश का हवाला देते हुए उन्हें वहां से हटा दिया और कुछ पहुंच वाले लोगों को नगर निगम ने अन्यत्र दुकानें लगाने के लिए जगह दे दी। याचिका में कहा गया कि संडे को पूरा बाजार बंद रहता है और ट्रैफिक भी कम रहता है, इसलिए वे संडे को परेड ग्राउंड के पीछे और तिब्बती बाजार के सामने साप्ताहिक बाजार लगाते आए हैं।
याचिका में कहा गया कि वे लोग खुद ही वहां पर साफ सफाई भी करते आए हैं। साप्ताहिक बाजार लगाने से गरीब लोगों को सस्ते में सामान मिल जाता है और कई लोगों को रोजगार भी मिलता है। वे महीने में चार दिन दुकान लगाते हैं। समिति का कहना था कि उनके नाम से एक अन्य समिति वहां फर्जी तरीके से नगर निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर चल रही है जिसकी जांच कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।