धर्म संसद में हेट स्पीच के मामले में दर्ज मुकदमे में जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद और धर्मराज सिंधू का नाम बढ़ाने और एसआईटी जांच बैठाए जाने के बाद संत समाज बचाव एवं दबाव बनाने की मुद्रा में आ गया है।
धर्म संसद के प्रमुख वक्ता एवं शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप ने रविवार को एक वीडियो जारी कर कहा कि संतों की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। पुलिस संतों का मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है तो संतों के खिलाफ दर्ज मुकदमा भी रद्द किया जाए। ऐसा नहीं करने पर संत समाज ने सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है।
स्वामी आनंद स्वरूप ने कहा कि धर्म संसद में किसी ने हेट स्पीच नहीं दी। किसी को मारने की बात नहीं की, लेकिन संतों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरी तरफ जो सड़कों पर उतरकर कानून व्यवस्था भंग कर रहे हैं और पुलिस मुख्यालय का घेराव कर रहे हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हो रही है।