कर्मचारी संगठनों की लंबी चली हड़ताल और नेताओं के नखरों से आजिज मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बृहस्पतिवार को मजाकिया लहजे में उनकी हैसियत याद दिलाई और उत्तराखंड के राज्य बनने से मिला फायदा भी बताया।
वे बोले कि ‘यूपी में रहते तो ब्लाक प्रमुख ही होते, यहां रिटायर होंगे मंत्री बनकर।’ उस वक्त मंच पर बैठे श्रम मंत्री हरीशचंद्र दुर्गापाल मुस्करा दिए।
मुख्यमंत्री हरीश रावत यमुना कालोनी में ऊर्जा आफिसर्स, सुपरवाइजर्स एंड स्टाफ एसोसिएशन के चतुर्थ महाधिवेशन में बोल रहे थे। कार्यक्रम में पहले उन्होंने ऊर्जा कर्मियों की लगभग हर मांग मान ली।
इसके बाद हड़ताल करने वाले संगठनों की तरफ रुख किया। बोले-‘कमाएंगे धेला भर नहीं। फाइल खिसकाएंगे एक गज और बात करेंगे 25 गज की। इस राज्य ने क्या नहीं दिया सबको।’