श्यामपुर थाना क्षेत्र में नमामि गंगे घाट पर जल भरते समय एक बच्चे और युवक की मौत हो गई। एसडीआरएफ ने कुछ ही घंटों के अंदर पास से बच्चे के शव को बरामद कर लिया जबकि युवक का कुछ पता नहीं चल सका है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
हरिद्वार कांवड़ लेने आए मेरठ के दो नाबालिग सहित चार यात्री गंगा में नहाते समय बहने लगे। घाट पर तैनात एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत गंगा में छलांग लगाई और चारों को डूबने से बचा लिया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह कांवड़ लेने आए राजकुमार (16) पुत्र प्रेमकरन, करण कुमार (16) पुत्र सुरेन कुमार, सचिन कुमार (18), रुपेश कुमार (23) पुत्र हेमकरण निवासीगण हापुड़ रोड रूसीपुर मेरठ, कांवड़ लेने हरिद्वार आए थे। सोमवार सुबह सभी हरकी पैड़ी से सटे कांगड़ा घाट पर स्नान करने के लिए पहुंच गए। स्नान करते समय चारों अचानक पानी के तेज बहाव में आगे पहुंच गए और बहने लगे। यह देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया।
इस पर एसडीआरएफ के एसआई पंकज सिंह खरोला, हेड कांस्टेबल आशिक अली, कांस्टेबल प्रदीप रावत ने गंगा में छलांग लगाई और चारों को गंगा से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी गंगा घाटों पर जल पुलिस, एसडीआरएफ की टीमें कांवड़ यात्रियों को बचाने के लिए मुस्तैदी से तैनात हैं।