हरिद्वार कुंभ में कोरोना टेस्टिंग के कथित घोटाले की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) सोमवार को मैक्स के पार्टनरों व लाल चंदानी लैब के संचालकों का आमना-सामना कराएगी। एसआईटी अब तक दोनों के अलग-अलग पूछताछ कर चुकी है।
बयानों में समानता नहीं होने से मैक्स और नलवा लैब वालों को एकसाथ पूछताछ की जाएगी। पूछताछ की तैयारियों को लेकर रविवार को एसआईटी के सदस्यों ने बैठक की और सवालों की लिस्ट तैयार की गई।
एसआईटी की टीम पिछले 10 दिनों से स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के बाद आरोपियों के बयान दर्ज करने के साथ ही पूछताछ कर रही है। सीएमओ हरिद्वार डॉ. एसके झा, मेलाधिकारी डा. अर्जुन सिंह सेंगर और कोविड सेल के नोडल प्रभारी डॉ. नरेंद्र त्यागी के 18 जून से 22 जून तक कई बार पूछताछ कर बयान लिए गए हैं।
इसके बाद 24 जून से फर्जीवाड़े के मामले में नामजद फर्म मैक्स कॉरपोरेट सर्विस के पार्टनरों, नलवा लैब हिसार के संचालक और डॉक्टर लालचंदानी लैब सेंट्रल दिल्ली के संचालकों से पूछताछ शुरू की गई है।
फर्म के पार्टनरों, नवला और लाल चंदानी लैब के संचालकों से एसआईटी व सीडीओ सौरभ गहरवार पूछताछ कर चुके हैं। एसआईटी के द्वारा मैक्स के पार्टनर शरत व मल्लिका पंत और डॉक्टर लाल चंदानी लैब के संचालकों से शनिवार को की गई पूछताछ और बयानों में विरोधाभास है।
इसलिए सोमवार को लाल चंदानी लैब के संचालकों व मैक्स के पार्टनरों को बुलाया गया है। रविवार को एसआईटी कार्यालय रोशनाबाद में एसआईटी टीम के सदस्यों कई घंटों तक आपसी बैठक चली। जिसमें आज होने वाली पूछताछ को लेकर रूपरेखा तैयारी गई। जांच अधिकारी राजेश शाह ने बताया कि आज मैक्स के पार्टनरों व लाल चंदानी लैब के संचालकों से पूछताछ होगी।