पहले भेल में संविदा पर कर्मी रहा घनश्याम
पुलिस की मानें तो आरोपी घनश्याम पहले भेल में संविदा पर कर्मचारी था। इसके बाद अब काफी समय से सिडकुल क्षेत्र में कंपनी में नौकरी कर रहा था। उसके दो बेटे हैं। पुलिस के अनुसार, घनश्याम शराब का नशा करता है। इसी कारण अक्सर पत्नी से झगड़ा करता था।
जमीनी विवाद में प्रताड़ित करने का आरोप
महिला के पिता कलवा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी मंजू की शादी 22 साल पहले घनश्याम निवासी जक्खाकी भफदौला तहसील नजीबाबाद के साथ हुई थी। अब सभी लेबर कॉलोनी सेक्टर-5 ए भेल में रह रहे थे। आरोप लगाया कि 20 साल से घनश्याम व उसका भाई रोहिताश और रोहिताश का बेटा सौपिन मंजू को लगातार जमीनी विवाद के चलते प्रताड़ित कर रहे थे। उससे मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते थे। 28 सितंबर की रात घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर घनश्याम ने मंजू की बेरहमी से हत्या कर डाली।
जमीन नाम करने के लिए बनाया जा रहा था दबाव
हत्या के पीछे ये बात भी कही जा रही है कि कुछ जमीन मंजू के नाम पर दर्ज है। घनश्याम उसे पिछले कुछ दिन से जमीन उसके नाम करने का दबाव बना रहा था। शराब के नशे में इसे भी बरबाद करने की बात कहते हुए ऐसा करने से मना कर दिया था। उसने बच्चों के लिए जमीन होने की बात कहकर मना कर दिया था।