एक जुलाई से वस्तु एवं सेवा कर यानी जीएसटी लागू कराने के लिए विधानसभा का विशेष सत्र आज से शुरू होने जा रहा है। दो दिनी सत्र के दौरान जीएसटी बिल को सदन में प्रस्तुत और पारित किया जाएगा। राज्य सरकार ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है।
सत्र के दौरान, उत्तराखंड आकस्मिक निधि संशोधन विधेयक 2017 और उत्तराखंड सहकारी समिति संशोधन विधयेक 2017 को भी सदन के पटल पर रखा जाएगा। सत्ता पक्ष का पूरा जोर जहां जीएसटी बिल को पारित कराने का है, वहीं विपक्ष महंगाई, शराब समेत कुछ और मुद्दों को सत्र के दौरान उठाने की रणनीति पर आगे बढ़ रहा है।
इन स्थितियों के बीच, सदन से लेकर सड़क तक गरमाहट रहने की संभावना है। पूर्व सीएम हरीश रावत भी खाद्य पदार्थों की महंगाई के मुद्दे को लेकर आज दो घंटे तक सांकेतिक उपवास पर रहेंगे।
बीजेपी ने सत्र को लेकर कसी कमर
त्रिवेंद्र सिंह रावत
आज से शुरू होने वाले विशेष सत्र के लिए बीजेपी ने भी कमर कस ली है। नेता सदन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के निवास पर रविवार शाम को विधानमंडल दल की बैठक हुई। इसमें सीएम के अलावा प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष अजय भट्ट, संसदीय कार्य मंत्री प्रकाश पंत आदि शामिल हुए। नामित विधायक जार्ज आईवान ग्रेगरी मैन ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
मनोनीत विधायक आज लेंगे शपथ
उत्तराखंड विधानसभा में 71 वें विधायक के तौर पर मनोनीत एंग्लो इंडियन विधायक जार्ज आईवान ग्रेगरी मैन आज शपथ लेंगे। उन्हें स्पीकर प्रेमचंद्र अग्रवाल अपने कक्ष में सुबह साढे़ 10 बजे शपथ दिलाएंगे। इससे पहले, रविवार को मनोनीत विधायक ने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से उनके निवास पर जाकर मुलाकात की। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने मनोनीत विधायक को बधाई दी है।
हरीश रावत आज करेंगे उपवास
कांग्रेस संगठन के ढुलमुल स्टैंड के बीच पूर्व सीएम हरीश रावत खाद्य पदार्थों पर बढ़ी महंगाई के विरोध में आज दो घंटे के सांकेतिक उपवास पर रहेंगे। उपवास का कार्यक्रम गांधी पार्क में किया जा रहा है। मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में रावत ने कहा कि गरीब आदमी के पेट पर लात मारने का काम किया जा रहा है, जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। दूसरी तरफ, पीसीसी चीफ किशोर उपाध्याय का कहना है कि रावत के उपवास को पार्टी का समर्थन है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे भी उपवास में शरीक होंगे, तो उनका जवाब था कि उन्होंने कार्यकर्ताओं को उपवास कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश दिए हैं।