आयोग की बोर्ड बैठक में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए नया प्रारूप लागू करने व सीएससी इंडिया लिमिटेड के साथ एमओयू को मंजूरी दे दी है। नए प्रारूप के अनुसार अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) करना होगा।
जिसके बाद अभ्यर्थियों को एक यूजर आईडी मिलेगी। ओटीआर के बाद ही अभ्यर्थी रिक्त पद के लिए आवेदन कर सकेंगे। यदि आवेदन भरने के दौरान अभ्यर्थी संबंधित पद के लिए निर्धारित शैक्षिक योग्यता के विपरीत जानकारी भरता है तो सॉफ्टवेयर आवेदन को अस्वीकार कर देगा।
वहीं, आवेदन में होने वाली छोटी-छोटी त्रुटियों की संभावना नहीं रहेगी। अभी तक आवेदन पत्र भरने में इस तरह की व्यवस्था नहीं थी।
एक बार यूजर आईडी बनने के बाद अभ्यर्थी को बार-बार आवेदन करने के लिए फोटो, हस्ताक्षर व अन्य जानकारी भरने की जरूरत नहीं होगी। यूजर आईडी से अभ्यर्थी की सारी जानकारी आवेदन पत्र में आ जाएगी। सिर्फ पद कोड का चयन करना पड़ेगा।
आयोग की बोर्ड बैठक में आवेदन पत्र के नए प्रारूप को लागू करने की अनुमति मिल गई है। आयोग व कंपनी के बीच एमओयू होगा। आयोग के माध्यम से जिन पदों की भर्ती की जाएगी। उसके लिए नए प्रारूप पर आवेदन पत्र भरे जाएंगे। इससे अभ्यर्थियों को भी फार्म भरने में आसानी होगी। साथ ही आवेदनों में त्रुटियों की संभावना नहीं रहेगी।
- संतोष बड़ोनी, सचिव, चयन आयोग