अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि सहकारिता विभाग में पंजीकृत दून अर्बन कॉपरेटिव बैंक में हुए करोड़ों के घोटाले की सरकार को सीबीआई जांच करानी चाहिए। इसके अलावा बैंक के ग्राहकों की मेहनत की कमाई डकारने वालों के खिलाफ वसूली के साथ आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाए।
धस्माना ने आरोप लगाया कि इस घोटाले में दो मंत्रियों के नजदीकी रिश्तेदार शामिल हैं, जिन्हें बैंक ने बिना गारंटी व गलत पते पर ऋण दिया है। बैंक को ऋण न लौटाने पर इनके खाते लंबे समय से एनपीए चल रहे हैं। घोटाले की जानकारी बैंक प्रबंधन, प्रशासन, आरबीआई को होने के बावजूद इस कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि आरबीआई की जांच हो चुकी है। दून अर्बन कॉपरेटिव बैंक में हजारों लोगों की मेहनत की कमाई डूब गई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई के माध्यम से कराए जाए, जिससे लोगों के करोड़ों रुपये डूबने से बचाए जा सके।