शिक्षा निदेशक ने सभी सीईओ को इस संबंध में दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। शिक्षा विभाग में विभिन्न स्तरों पर जाति एवं लिंग आधारित कोई भेदभाव न हो इसके लिए ब्लॉक, जिला व मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया जाएगा। अनुसूचित जाति, जनजाति एसोसिएशन की मांग पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने सभी सीईओ को इस संबंध में निर्देश जारी किया है।
निर्देश में कहा गया है कि विभागीय बैठकों, समितियों एवं अन्य मंचों पर संगठन को प्रतिनिधित्व दिया जाए, मंडल या जिलास्तर पर यदि कोई बैठक या कार्यक्रम होते हैं। जिसमें शिक्षक संगठनों के सदस्य मौजूद रहते हैं तो उसमें अनुसूचित जाति, जनजाति शिक्षक एसोसिएशन के सदस्यों को भी आमंत्रित किया जाए। विद्यालय प्रार्थना सभा में समय-समय पर संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया जाए। जिला स्तर पर कई शैक्षिक व नवाचारी कार्यक्रम संचालित होते हैं, इनमें सभी वर्गों के शिक्षकों को उचित अवसर प्रदान किए जाएं। अनुसूचित जाति जनजाति शिक्षक एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राठी ने कहा, भेदभाव रोकने के लिए गठित होने वाली कमेटियां प्राप्त शिकायतों के निपटारे का भी काम करेगी।