ब्लाक सभागार में मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण करते विधायक।
- फोटो : VIKAS NAGAR
बाल विकास परियोजना के तत्वावधान में आयोजित किए गए कार्यक्रम में महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक व जिला पंचायत की अध्यक्ष ने अपने-अपने संबोधनों में सरकार की योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि सरकार बेटियों के सुनहरे भविष्य के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि वह जमाना अब चला गया है कि जब लोग बेटियों के जन्म को बुराई के तौर पर देखते थे। आज के समय में बेटियों ने जमीन से लेकर आसमान तक दुनिया के हर क्षेत्र में अपना व अपने परिवारों का नाम रोशन किया है। बेटियों के लालन-पालन व शिक्षा के मामले में किसी भी परिवार को कोई कमी नहीं छोड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार लिंगानुपात को कम करने के लिए इस प्रकार की योजनाएं चला रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कहा कि बेटियों व महिलाओं के लिए सरकार की ओर से व्यापक स्तर पर योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी महिलाओं को प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर बेटियों को आगे बढ़ाने में मदद करने के प्रति प्रत्येक परिवार को जागरूक बनना चाहिए। इस अवसर पर महिलाओं को महालक्ष्मी किट व सेनेट्री पैड का वितरण किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुुख जसविंदर सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी तरुणा चमोला, खंड विकास अधिकारी आतिया परवेज, सुपरवाइजर नीलम जायसवाल, सुमित्रा बिजल्वाण, विजू गुलाटी, सोनी, मीरा समेत काफी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।