दो दिनों से हो रही बारिश से गंगा का जलस्तर 291.30 मीटर बना हुआ है। अधिकारियों ने बाढ़ सुरक्षा चौकियों का निरीक्षण करते हुए लोगों को सतर्क रहने को निर्देश दिए।
बुधवार को गंगा का जलस्तर 291.20 मीटर था, लेकिन रात को 10 सेंटीमीटर बढ़ गया। जलस्तर 291.30 मीटर हो गया। जोकि खतरे के निशान 294 मीटर से 2.70 मीटर नीचे है।
हालांकि यह जलस्तर पूरे दिन एक समान बना रहा। पहाड़ों में कम बारिश होने के चलते हुए सहायक नदियों में भी पानी कम आया। मौसम वैज्ञानिकों की बारिश की चेतावनी पर पूरा प्रशासन सतर्क रहा।
आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैंतुरा ने बताया कि एसडीएम और तहसीलदार के साथ लेखपालों को मैदान में उतरने को निर्देश दिए है। आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि गांवों में मुनादी शुरू करवा दी गई है।
लोगों को गंगा क्षेत्र में न जाने को कहा जा रहा है। खतरनाक स्थानों पर प्रशासन के कर्मचारियों को तैनात किया गया है, ताकि किसी अनहोनी घटना से बचा जा सके।