नेता प्रतिपक्ष और रानीखेत के विधायक अजय भट्ट ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने पर भाजपा को कोई एतराज नहीं है। भाजपा के दबाव में ही भराड़ीसैंण में विधानसभा भवन और अन्य निर्माण कार्यों में तेजी आई है।
बुधवार को अमर उजाला संवाददाता से विशेष बातचीत में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजधानी का मुद्दा आम जनता की भावनाओं से जुड़ा है। जनता जो चाहती है, वह होना चाहिए लेकिन जनभावनाओं को भुनाकर नौटंकी नहीं होनी चाहिए।
स्वास्थ्य केंद्रों को पीपीपी मोड पर देने के नाम पर जनता के साथ धोखा किया गया है। स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन करने वालों के पास अनुबंध के अनुसार डॉक्टर नहीं हैं। कुछ डॉक्टरों को सभी अस्पतालों में दर्शाकर भारी घोटाला कर सरकारी धन की बर्बादी की जा रही है। वार्ता के दौरान द्वाराहाट मंडल भाजपा अध्यक्ष त्रिलोक बजेठा और कैलाश भट्ट भी मौजूद थे।
दुर्गापाल की सदस्यता समाप्त हो
नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने लालकुआं के विधायक और मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह निर्दलीय तौर पर चुनाव जीते थे। लिहाजा नियमानुसार कांग्रेस की सदस्यता लेने से उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई। इस बाबत विधानसभा अध्यक्ष को प्रतिवेदन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नौ हजार शासनादेश जारी कर चुके हैं जबकि क्रियान्वयन पांच प्रतिशत पर भी नहीं हो पा रहा है।