देहरादून। कम ब्याज दरों पर लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले को एसटीएफ ने हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को प्रधानमंत्री लोन योजना के अंतर्गत लोन दिलाने का दावा करता था। एसटीएफ के अनुसार आरोपी ने देश के कई राज्यों के लोगों को शिकार बनाया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि दीवान सिंह नेगी निवासी नालापानी ने पिछले दिनों एक शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उन्हें एक प्रतिशत ब्याज पर लोन दिलाने की बात कही गई थी। एक युवक ने उनकी फाइल प्रधानमंत्री लोन योजना में मंजूर होने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस व अन्य शुल्क के रूप में कई खातों में उनसे 1.22 लाख रुपये जमा करा लिए।
इस पर एसटीएफ ने पड़ताल शुरू की और मोबाइल नंबर व बैंक खातों डिटेल के माध्यम से आरोपी तक पहुंच गई। बुधवार को संजय कुुमार निवासी साहुलापुर, लहरपुर, सीतापुर उत्तर प्रदेश को कांगड़ी हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके साथ कई और साथी भी हैं। वह सभी अखबारों और सोशल मीडिया में प्रधानमंत्री लोन योजना के तहत लोन दिलाने के विज्ञापन प्रकाशित कराते हैं। इसके बाद लोगों से विभिन्न शुल्क के रूप में पैसे ऐंठ लेते हैं।
भेजते हैं स्वीकृति प्रमाणपत्र
आरोपियों ने लोगों को झांसे में लेने के सभी हथकंडे अपनाए हुए हैं। उन्होंने इसके लिए लोन अप्रूवल सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज भी फर्जी छपवाए हुए हैं। लोगों को भरोसे में लेने के लिए प्रमाणपत्र उन्हें ई-मेल के माध्यम से भेज देते हैं। जब तक लोग इनकी तस्दीक करते हैं तब तक आरोपी अपना नंबर बंद कर लेते हैं। आरोपी ने इसी तरह उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात आदि राज्यों में भी लोगों को ठगने की बात स्वीकार की है।