प्रदेश में अशासकीय स्कूलों के शिक्षकों की नियुक्ति में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। पौड़ी जिले में 36 शिक्षक फर्जी अनुभव प्रमाण पत्रों के आधार पर नियुक्ति पाए गए हैं। जांच में आरोप सही पाए जाने पर इन शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई होने जा रही है।
एक अन्य मामले में विभाग ने इसी जनपद के पांच शिक्षकों की नियुक्ति में गड़बड़ी पकड़ी है। शिक्षा सचिव ने पांचों शिक्षकों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ शिक्षा निदेशक को अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया है।
अशासकीय स्कूलों के शिक्षकों की नियुक्ति में जमकर फर्जीवाड़ा चल रहा है। फर्जी प्रमाण पत्रों और मनमानी कर नियुक्ति की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। फिलहाल दो मामलों की जांच में शिकायतें सही पाई गई हैं। पहला मामला पौड़ी जिले के अशासकीय सहायता प्राप्त जनता इंटर कॉलेज चमकोटखाल का है। वर्ष 2006 में यहां सहायक अध्यापक और प्रवक्ताओं के पदों पर फर्जी नियुक्ति की शिकायत सामने आई थी।