जिला पंचायत अध्यक्ष के बाद अब झबरेड़ा क्षेत्र में कोटवाल आलमपुर जिला पंचायत सदस्य सीट पर उपचुनाव को लेकर सभी प्रत्याशियों ने प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को जोरशोर से प्रचार किया। बुधवार को डोर टू प्रचार के बाद बृहस्पतिवार को चुनाव होगा। अंतिम दिन बसपा नेता चौधरी राजेंद्र सिंह ने बैठकों का आयोजन कर प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।
कोटवाल आलमपुर जिला पंचायत सदस्य सीट पर होने वाले उपचुनाव में प्रचार के अंतिम दिन बसपा समर्थित प्रत्याशी मीनाक्षी चौधरी के पक्ष में पूर्व विधायक हरिदास, बसपा नेता चौधरी राजेंद्र सिंह ने धुआंधार प्रचार किया। जगह-जगह बैठक आयोजित कर वोट मांगे। इस मौके पर पूर्व विधायक हरिदास और बसपा नेता चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार धनबल के आधार पर राजनीति कर रही है, लेकिन जनता समय आने पर इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि बसपा ही सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर विकास करती है। उन्होंने बसपा प्रत्याशी मीनाक्षी के पक्ष में मतदान कर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान शेरपुर, टिकोला, माजरा, सढौली, मकदूमपुर, रामनगर आदि गांवों में प्रचार कर वोट मांगे। इस मौके पर सुबोध, अरविंद, रजनीश, कंवरपाल, राजेंद्र, जगबीर, भीम सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मांगे वोट
रुड़की। भाजपा प्रत्याशी प्रत्याशी निशा चौधरी के समर्थन में नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष सुभाष वर्मा व उनके समर्थकों ने गांवों में संपर्क कर वोट मांगे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि भाजपा ही क्षेत्र का विकास करा सकती है। भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में बने मजबूत बोर्ड से ही क्षेत्र का विकास संभव है।
चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा नेता सुशील त्यागी, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन प्रदीप कुमार चौधरी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य वैजयंती माला, जोध सिंह, पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन गौरव चौधरी आदि ने कोटवाल, श्यामपुर, माजरा एवं ग्राम सिरौली समेत दर्जनों गांवों में संपर्क किया। इस मौके पर सुशील त्यागी ने कहा कि जिला पंचायत के अध्यक्ष की सीट पर पहली बार भाजपा के निष्ठावान नेता को मिली है। उन्होंने निशा चौधरी को वोट की अपील की। इस मौके पर शुभम अग्रवाल, नरेंद्र सिंह सैनी, विक्रम सैनी, शोभाराम प्रजापति, ऋषिपाल प्रजापति, नीतू सैनी, श्याम कुमार, विकास, मिंटूत्यागी, बिट्टू त्यागी, घनश्याम सैनी, रतिराम शास्त्री, शुभम, सोनू आदि मौजूद रहे।
भाजपा की जीत से तेज होगा ग्रामीण क्षेत्रों का विकास: बत्रा
रुड़की। जिला पंचायत अध्यक्ष पर जीत को लेकर भाजपा विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि पूर्व के बोर्ड में विकास कार्य अवरुद्ध हो गए थे, अब भाजपा का बोर्ड बनने से ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास होगा। उन्होंने नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष सुभाष वर्मा को जीत की बधाई देते उम्मीद जताई कि जिले के प्रत्येक ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से और समान विकास होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार जीरो टोलरेंस की नीति पर काम कर रही है। जिससे अपराध कम हुआ है, अवैध खनन और भूमाफिया जैसे अराजक तत्वों के भी हौसले पस्त है।