पंतनगर एयर पोर्ट स्टेशन डायरेक्टर एपी सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत अल्मोड़ा में दो हेलीपोर्ट के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा रामनगर में दो और हल्द्वानी में चार हेलीपोर्ट बनाए जाएंगे।
सिंह के मुताबिक हेलीपोर्ट हेलीपैड से करीब ढाई गुना बड़ा होता है और इसमें उड़ान भरने वाले हेलीकॉप्टरों के नियंत्रण के लिए कई व्यवस्थाएं होती हैं। इसके लिए कुछ भवनों आदि का निर्माण भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हेलीपोर्ट के निर्माण के लिए अल्मोड़ा में टाटिक के निकट जमीन का सर्वे हो चुका है और अवरोध आदि के संबंध में जल्द ही ओएलएफ सर्वे होने वाला है। इस सेवा को संचालित करने का जिम्मा पवन हंस कंपनी को दिया गया है। फिलहाल किराया तय नहीं हुआ है। हालांकि केंद्र सरकार यात्रियों को तीन साल तक किराए में 50 प्रतिशत छूट देगी।