कार्बेट पार्क से लेकर नैनीताल और हल्द्वानी तक के जंगल मंगलवार को धधक उठे। तेज हवा के कारण आग को काबू पाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। खबर लिखे जाने तक कार्बेट पार्क के कालागढ़ डिवीजन में लगी हुई आग को बुझाने में टीमें लगी हुई थी।
कार्बेट पार्क के संवेदनशील धारा और झिरना के बीच मंगलवार सुबह लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। पार्क के उपनिदेशक अमित वर्मा ने बताया कि सुबह कालागढ़ रेंज के झिरना चौकी से वनकर्मियों ने धुआं उठता देख आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग बढ़ती ही गई।
आसपास की सभी चौकियों के वनकर्मियों को बुलाकर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। उप निदेशक के मुताबिक दो हेक्टेयर से अधिक जंगल को आग ने चपेट में ले लिया है। आग बुझाने में 60 से अधिक वनकर्मी जुट गए। तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। बाद में काउंटर फायर कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
उधर, नैनीताल वन प्रभाग के सेंटलू वन बीट में सोमवार देर रात आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम से प्रभागीय वनाधिकारी धर्म सिंह मीणा को मिली तो उन्होंने नगर पालिका वन रेंज के आरओ प्रमोद तिवारी के निर्देशन में टीम को रात 1.30 बजे आग बुझाने में लगाया।