पथरी के गांव बादशाहपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में लाठी डंडे चल पड़े। इसमें छह लोग घायल हो गए। सोमवार की देर रात बादशाहपुर बस स्टैंड पर पहले दो लोगों में पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों की ओर से कई लोग एक दूसरे के पक्ष में आ गए। देखते ही देखते उनमें लाठी डंडे चलने लगे। इसमें छह लोग घायल हो गए।
कई लोगों ने इधर उधर भागकर जान बचाई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक विवाद में शामिल लोग मौके से भाग निकले। एक पक्ष के व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर चार लोगों को नामजद करते हुए गाली गलौज एवं जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार दूसरे पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं आयी है। फेरुपुर चौकी प्रभारी उमेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट, दो घायल
भगवानपुर में पुहाना के पास तीन युवकों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई। इसमें दो युवक घायल हो गए। घायलों ने पुलिस को शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की है। देवबंद निवासी सौकत अली, महफूज व राशिद अली तीनों भगवानपुर क्षेत्र की फैक्ट्रियों में सामान खरीद कर बाहरी राज्यों में बेचते हैं।
मंगलवार को जब वे पुहाना के पास एक फैक्ट्री से कुछ सामान खरीद कर जा रहे थे कि तीनों के बीच रास्ते में पुराने लेनदेन को लेकर कहासुनी हो गई। इससे तीनों में लाठी डंडे चले, जिसमें महफूज व सौकत अली घायल हो गए। राहगीरों ने उनका बीच बचाव कराया। घायलों ने भगवानपुर पुलिस को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। एसआई लक्ष्मी प्रसाद का कहना है कि मामला जानकारी में नहीं है तथा तहरीर आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
लक्सर में धान कटाई की मजदूरी मांगने से गुस्साएं दबंगों ने मजदूर के घर में घुसकर मारपीट कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं उसे बचाने आई उसकी भाभी के साथ भी मारपीट कर दी। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
कांहावाली गांव निवासी एक मजदूर द्वारा गांव के ही एक दबंग किसान की धान की फसल की कटाई की थी। मजदूर के मुताबिक वह गोवर्धन पूजा के दिन मजदूरी मांगने के लिए किसान के घर पर चला गया। आरोप है कि उस समय किसान के घर पर कई लोग मौजूद थे। इस पर किसान ने उसे बाद में आने की बात कह तेरे घर से भेज दिया।
इसके बाद किसान के चार बेटे लाठी-डंडे में धारदार हथियार लेकर उसके घर में घुस गए तथा उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस बीच मजदूर को बचाने आई उसकी भाभी के साथ भी हमलावरों द्वारा मारपीट की गई। पीड़ित ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इस मामले में दूसरे पक्ष द्वारा भी मजदूर में उसके परिवार के लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। इस बारे में जब हल्का के दारोगा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।