छरड़ी के दिन रानीखेत से सटे चिलियानौला कस्बे में जीडी बिड़ला आवासीय विद्यालय के छात्रों और स्थानीय लोगों के बीच बवाल हो गया। आरोप है कि आवासीय विद्यालय के छात्र कैंपस से बाहर निकले और बाहर स्थानीय लोगों के साथ उनका किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट, वाहनों में तोड़फोड़ में बदल गया।
विज्ञापन
मारपीट में एक स्थानीय युवक के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। इससे गुस्साए लोग विद्यालय में जा धमके, वहां जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस उपाधीक्षक करुणा भारती को मौके पर आना पड़ा। उन्होंने दोनों तरफ के लोगों को थाने तलब किया, जहां देर शाम दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार बिड़ला आवासीय विद्यालय के दो छात्र चिलियानौला बाजार में प्रवेश कर गए, यहां होली खेल रहे कुछ स्थानीय युवकों के साथ उनका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद वहां दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
विज्ञापन
छात्रों के पीछे स्थानीय लोग भी विद्यालय में जा घुसे
गुस्साए लोगों ने पुलिस की भी एक नहीं सुनी।
आरोप है कि छात्रों ने बाजार में खड़े दो तीन वाहन तोड़ दिए। वहां महिलाओं के साथ छेड़खानी की। समझाने पर उन्होंने युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में स्थानीय युवक अमर सिंह को गंभीर चोटें आईं, उन्हें राजकीय अस्पताल ले जाया गया, गंभीर हालत को देखते हुए बाद में उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
इसके अलावा कुछ अन्य युवकों भी चोटें आईं। मारपीट के बाद दोनों छात्र विद्यालय परिसर की ओर भाग गए। गुस्साए लोग भी उनके पीछे विद्यालय में जा घुसे और वहां जमकर हंगामा किया। दोनों छात्रों को बाहर निकालने की मांग को लेकर लोग वहां धरने पर बैठ गए। प्रधानाचार्य की भी एक नहीं सुनीं।
दोनों को तत्काल विद्यालय से निलंबित करने की मांग करने लगे। इस बीच नारेबाजी के साथ वहां बवाल खड़ा हो गया। परिसर में खड़े दो वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए। इस बीच मौके पर सीओ जीसी वर्मा, कोतवाल पीएल वर्मा और भारी संख्या में पुलिस बल भी पहुंच गया। गुस्साए लोगों ने पुलिस की भी एक नहीं सुनी।
गुस्साए लोगों के आरोप थे कि आए दिन विद्यालय छात्रावास के युवक बाजार में आकर हंगामा करते हैं, विद्यालय प्रशासन उनकी इस हरकत पर चुप्पी साधे रहता है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामला बढ़ता देख महिला पुलिस उपाधीक्षक करुणा भारती को मौके पर आना पड़ा।
उन्होंने पहले विद्यालय परिसर से आक्रोशित भीड़ को हटाया। उसके बाद प्रधानाचार्य से तत्काल प्रभाव से मारपीट करने वाले दोनों छात्रों को पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए। बाद में पुलिस स्थानीय लोगों और मारपीट करने वाले दोनों छात्रों को थाने ले गई। यहां भी स्थानीय नागरिकों ने जमकर हंगामा काटा।
बिड़ला आवासीय विद्यालय से दोनों तरफ के आरोपियों को थाने लाया गया था, जहां समझाबुझाकर उन्हें शांत किया और दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कहीं से भी मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है।
-पीएल वर्मा, कोतवाल रानीखेत।
छात्र रंग लेने के लिए बाजार गए थे। बताया गया है वहां कुछ बवाल हुआ, लेकिन स्थानीय लोगों ने हमारा गेट तोड़ा, वाहनों के साथ तोड़फोड़ की, मेरे वाहन के शीशे तोड़ दिए, मेरे घर में भी तोड़फोड़ की। दोनों छात्रों के खिलाफ हम कार्रवाई करेंगे।
-आसिम अली, प्रधानाचार्य बिड़ला स्कूल रानीखेत।