सास और ननद की प्रताड़ना से तंग आकर एक मां ने अपने दो मासूम बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को आग लगा ली। धुआं उठता देख ग्रामीण दौड़े, उन्होंने किसी तरह आग पर काबू पाकर महिला को बचाया।
इस पर महिला घर के बाहर भागी और कुएं में कूद गई। लोगों ने उसे कुएं से बाहर निकाला। सिरसिया पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम मधवापुर के मजरा कोनहा निवासिनी मीरा देवी (28) पत्नी प्रदीप कुमार वर्मा ने रविवार सुबह पुत्र अनुराग (4) व आर्यन (1) की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद मीरा ने खुद को आग लगा ली।
घर से उठे धुएं को देख मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने किसी तरह मीरा को आग से बचाया। इसके बाद मीरा घर के बाहर कुएं में जाकर कूद गई।
घटना के बाद पड़ोसियों ने मामले की जानकारी खेत में काम कर रहे उसके पति प्रदीप सहित अन्य परिवारीजनों को दी।
'मैं नहीं जानती बच्चों को किसने मारा'
मासूम बच्चों का पिता प्रदीप कुमार
- फोटो : amar ujala
जब प्रदीप, मां बदामा देवी, बहन माला देवी व पिता बिकाऊ लाल के साथ घर पहुंचा तो देखा कि उसके दोनों बच्चे मृत पड़े हैं। उनकी गला दबाकर हत्या की गई थी। मीरा कुएं में पड़ी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मीरा को कुएं से बाहर निकाला।
उसे बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया में भर्ती कराया गया है। जबकि दोनों मासूम बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक विजय पाल सिंह ने बताया कि मीरा व उनकी सास ननद के बीच तनावपूर्ण संबंध थे। घटना से पहले दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। इसके बाद यह घटना हुई। मामले की जांच कराई जा रही है।
सास ननद ने की थी पिटाई
अस्पताल में भर्ती मीरा ने होश में आने के बाद बताया कि उसकी सास बदामा व ननद माला आए दिन उसके साथ मारपीट करती थी। रविवार सुबह भी सास व ननद ने उसके दोनों बेटों को उससे छीन लिया था। इसके बाद दोनों ने मेरी पिटाई की थी। इसके बाद मैं घर से बाहर निकल गई थी। बच्चों को किसने मारा, मैं नहीं जानती।