देहरादून : जिला अस्पताल से हुई गर्भवतियों को टीका लगाने की शुरुआत
जिले में गर्भवती महिलाओं को कोरोना का टीका लगाने की बुधवार को विधिवत शुरुआत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय जिला अस्पताल के गांधी शताब्दी अस्पताल परिसर से इसकी शुरुआत कराई। सीएमओ डॉ. मनोज उप्रेती ने बताया कि फिलहाल जिला अस्पताल में गर्भवतियों के टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। अभी हर 100 खुराक पर एक खुराक गर्भवती महिला को लगाने की व्यवस्था की गई है। बाद में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के स्तर तक टीकाकरण शुरू किया जाएगा। विभाग का फोकस फिलहाल इस बात पर है कि कोरोना का टीका लगाने के प्रति गर्भवती महिलाएं और उनके परिजन किसी तरह की घबराहट और हिचक महसूस न करें। गर्भवतियों और उनके परिजनों को जागरूक किया जा रहा है कि कोरोना का टीका लगाने से जच्चा-बच्चा दोनों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिलेगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार पांडेय ने बताया कि फिलहाल बुधवार और शनिवार को गर्भवती महिलाओं को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। जल्द ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के स्तर तक भी टीका लगाना शुरू कर दिया जाएगा। उसके बाद इसे नियमित किया जाएगा।
हरिद्वार : 48 हजार गर्भवतियों में मात्र 600 को लगे टीके
जनपद में गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण का कार्यक्रम एक सप्ताह पहले से शुरू हुआ है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्र समेत 20 केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण कराया जा रहा है। टीकाकरण को सफल बनाने के लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को लगाया गया है। केंद्र पर एएनएम व मिडलेवल हेल्थ प्रोवाइडर टीकाकरण कर रहे हैं। जनपद में गर्भवती लगभग 48 हजार महिलाओं में से 600 को टीकाकरण किया जा चुका है। जिले में टीकाकरण के लिए डोज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। एसीएम डा. अजय कुमार ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण कराने के लिए केंद्रों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी। ताकि जल्द से जल्द अधिक गर्भवती महिलाओं को टीका लगाया जा सके।
पौड़ी में किसी भी गर्भवती ने नहीं लगाया टीका
जनपद पौड़ी में 5549 गर्भवती महिलाएं हैं। जिले में किसी भी गर्भवती को अभी कोरोना टीका नहीं लगाया गया है। स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग जिला चिकित्सालय पौड़ी, बेस अस्पताल कोटद्वार, संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर व मेडिकल कालेज श्रीनगर के साथ ही समस्त सीएचसी व पीएचसी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं का कोविड टीकाकरण दो-तीन दिनों के भीतर शुरू किए जाने की तैयारी जुटा है। सीएमओ डा. मनोज शर्मा ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को लाइन में खड़ा न होना पड़े इसके लिए समुचित व्यवस्थाएं जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में जिला अस्पताल, मेडिकल कालेज के साथ ही सीएचसी व पीएचसी सेंटरों में गर्भवती महिलाओं का कोविड टीकाकरण किया जाएगा।
चमोली : 263 गर्भवती महिलाओं का हुआ टीकाकरण
स्वास्थ्य महानिदेशालय के निर्देश पर चमोली जिले में 17 जुलाई से गर्भवती महिलाओं का कोरोना टीकाकरण शुरू हो गया है। अभी सिर्फ जिला अस्पताल के समीप सीतापुर नेत्र चिकित्सालय, नैनीसैंण, गौचर, माईथान, ग्वालदम के साथ ही नौ केंद्रों पर गर्भवती महिला के टीकाकरण की सुविधा है। चमोली जिले में तीन माह में 1500 महिलाएं गर्भवती हैं, जिनमें से अभी तक 263 महिलाओं का कोरोना टीकाकरण हो चुका है। सीएमओ डा. केके अग्रवाल ने बताया कि अभी सिर्फ स्वास्थ्य सुविधा संपन्न केंद्रों में ही गर्भवती महिलाओं का कोरोना टीकाकरण किया जा रहा है। धीरे-धीरे ग्रामीण क्षेत्रों में भी एएनएम के माध्यम से टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण भी दिया गया है।
नई टिहरी : 10 हजार से ज्यादा में से सिर्फ 24 को लगे टीके
टिहरी जिले में गर्भवती महिलाओं का कोरोना टीकाकरण शुरू हो चुका है। जिला अस्पताल बौराड़ी में पिछले एक सप्ताह के अंतर्गत 24 गर्भवती महिलाओं का वैक्सीनेशन हो चुका है। जिले में 10 हजार 8 74 गर्भवती महिलाएं है। वर्तमान में जिले में 40 केंद्रों पर टीकाकरण अभियान चल रहा है। गर्भवती महिलाएं किसी भी केंद्र पर जाकर कोरोना वैक्सीन लगवा सकती है। स्वास्थ्य विभाग के पास 17 हजार वैक्सीन की डोज उपलब्ध है। सात अगस्त को स्वास्थ्य विभाग ने जिले में वृहद स्तर पर टीकाकरण कर सात हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिले में अब तक दो लाख 72 हजार 594 लोगों को टीकाकरण हो चुका है। सीएमओ डा. संजय जैन ने बताया कि केंद्र सरकार की गाइड लाइन के अनुसार जिले में गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण शुरू हो चुका है। 24 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण भी किया जा चुका है। गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के लिए वृहद स्तर पर अभियान चलाने की योजना तैयार की जा रही है।
रुद्रप्रयाग : 1200 में से 300 गर्भवतियों का वैक्सीनेशन
रुद्रप्रयाग जिले में लगभग 1200 गर्भवती महिलाएं हैं, जिनका इन दिनों टीकाकरण किया जा रहा है। सीएमओ डा. बीके शुक्ला ने बताया कि जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि व जखोली सहित प्राथमिक व अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। बीते एक सप्ताह में जिले में 300 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। सीएमओ ने बताया कि अभी अस्पतालों में टीका लगाया जा रहा है। साथ ही एएनएम घरों में जाकर जरूरतमंदों को टीका लगा रही हैं। 14 अगस्त तक गर्भवती महिलाओं में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगा दी जाएगी।
उत्तरकाशी : कम संख्या में आ रही हैं गर्भवती
जिले में सरकार की गाइडलाइन के बाद गर्भवती महिलाओं का कोविड टीकाकरण शुुरू कर दिया गया है। यहां गर्भवती महिलाओं के लिए अलग से कोई टीकाकरण केंद्र नहीं बनाए गए हैं। सामान्य केंद्रों पर ही गर्भवती महिलाओं का भी टीकाकरण किया जा रहा है। सीएमओ डा.केएस चौहान ने बताया कि टीकाकरण केंद्रों पर अब सीमित संख्या में ही लोग आ रहे हैं। इसलिए कोविड टीकाकरण का शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए घर-घर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। घर-घर टीकाकरण को जाने वाली टीम कोविड टीके से वंचित गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता के साथ टीका लगवा रही है।
बागेश्वर : घर-घर जाकर किया जा रहा गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण
बागेश्वर जिले में गर्भवती महिलाओं को नजदीकी केंद्रों के साथ ही घर-घर जाकर कोविड के टीके लगाए जा रहे हैं। जिले में 666 गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण के लिए चिह्नित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में कुल 83 गर्भवती महिलाओं को टीके लगाए जा चुके हैं। सीएमओ डॉ. सुनीता टम्टा का कहना है कि गर्भवती महिलाओं को टीका लगाने से गर्भ में पल रहे शिशु के लिए भी संक्रमण का खतरा कम हो जाता है। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं से टीका लगाने की अपील की है।
अल्मोड़ा : 9507 गर्भवतियों को लगना है टीका
अल्मोड़ा जिले में गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण शुरू हो गया है। फिलहाल रानीखेत अस्पताल और कुछ सीएचसी, पीएचसी में टीकाकण किया जा रहा है। जिला और महिला अस्पतालों में अब तक गर्भवतियों के टीकाकरण की कोई व्यवस्था नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में 9507 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाना है। सीएमओ डॉ. सविता ह्यांकी ने गर्भवतियों से टीका लगवाने की अपील की है।
चंपावत : अब तक 537 गर्भवतियों को लग चुका टीका
चंपावत जिले में 29 जुलाई से अब तक 537 से अधिक गर्भवती महिलाओं को टीके लगाए जा चुके हैं। जिले में इस वक्त 4779 गर्भवती महिलाएं हैं। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी का कहना है कि गर्भवती महिलाओं के लिए अलग टीकाकरण केंद्र नहीं बनाया गया है। जिले के सभी 43 केंद्रों में उन्हें टीका लगाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को घर-घर जाकर टीके लगाए जा रहे हैं। जिले में फिलहाल टीकों की 4700 खुराक है। दस हजार खुराक की मांग स्वास्थ्य महानिदेशालय से की गई है।
ऊधम सिंह नगर : 150 गर्भवतियां लगवा चुकीं टीका
ऊधमसिंह नगर जिले में अब तक 150 गर्भवती महिलाएं टीका लगवा चुकी हैं। यहां गर्भवती महिलाओं को टीका लगवाने के लिए अलग से केंद्र नहीं बनाया गया है। गर्भवती महिलाएं भी अन्य लोगों के साथ टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन लगवा रहीं हैं। जिले में टीकाकरण के लिए करीब 50 केंद्र संचालित हो रहे हैं। कोरोना टीकाकरण अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि जिले में 12 हजार गर्भवती महिलाओं को टीका लगाने का लक्ष्य है। जिले में अभी तक 150 गर्भवती महिलाएं वैक्सीन लगवा चुकी हैं। गर्भवती महिलाओं के केंद्र में पहुंचने पर उन्हें सबसे पहले वैक्सीन लगवाई जा रही है।
पिथौरागढ़ : 1000 गर्भवतियों को लगना है टीका
पिथौरागढ़ जिले में गर्भवती महिलाओं को घर-घर जाकर टीका लगाया जाएगा। सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं की हड़ताल के चलते एएनएम को टीका लगाने के आदेश दिए गए हैं। जिले में लगभग एक हजार गर्भवती महिलाएं हैं। सीएमओ डॉ. पंत ने बताया कि सामान्य कोटे से ही गर्भवती महिलाओं को टीका लगाया जाना है।
नैनीताल : जिले में 17500 गर्भवती महिलाएं
नैनीताल जिले में गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण शुरू हो चुका है। जिले में लगभग 17500 गर्भवती महिलाएं हैं। उन सभी केंद्रों में टीकाकरण की व्यवस्था की गई है, जिनमें टीकाकरण पूर्व से चला आ रहा है। टीकाकरण केंद्रों में गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता भी दी जा रही है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एएनएम की ओर से गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है कि वे नौ माह तक किसी भी दिवस में टीका लगवा सकती हैं और यह सुरक्षित है। टीकाकरण के लिए कोई नए स्टाफ की तैनाती नहीं है। पूर्व में सभी स्टाफ को ट्रेनिंग दी गई है। सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने कहा कि वैक्सीनेशन स्टाफ पूरा है और कोई स्पेशल केंद्र नहीं बनाया गया है। टीके की कोई कमी नहीं है, वर्तमान में 26 हजार डोज उपलब्ध हैं।