गाजियाबाद से पिरान कलियर दरगाह में जियारत करने आए एक युवक ने अपनी प्रेमिका के अपहरण की झूठी सूचना पुलिस को दे दी। जबकि वह खुद उसे लेकर जंगल में गया था। सूचना पर पुलिस घंटों जंगलों में खाक छानती रही। पुलिस ने युवती को बरामद कर पूछताछ की तो मामला प्रेम प्रसंग का निकला।
कंचन पार्क लोनी गाजियाबाद निवासी एक युवती अपने परिजनों के साथ बृहस्पतिवार को जियारत के लिए कलियर आई थी। युवती के पीछे-पीछे उसका प्रेमी भी कलियर पहुंच गया।
शुक्रवार को दरगाह में जियारत करने के बाद प्रेमी अपनी प्रेमिका को उसके परिजनों की आंख बचाकर जंगल में ले गया। काफी देर साथ घूमते रहे। इसी बीच युवती के परिजनों ने उसकी खोजबीन करते हुए क्षेत्र में मुनादी भी करा दी। जब युवक को इस बात की जानकारी हुई तो वह घबरा गया।