प्रथम स्वास फाउंडेशन, पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सेवा दल, स्पार्क मिंडा और दून इंटरनेशनल स्कूल की ओर से रविवार को आयोजित स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन दिव्यांगों के कृत्रिम अंग लगे, तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। विधायक खजान दास व विनोद चमोली ने शिविर का शुभारंभ किया।
डॉ. सुमिता प्रभाकर की ओर से महिलाओं की कैंसर की जांच कर निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में ईएनटी के 87, आंखों के 37, न्यूरो के 69, गैस्ट्रो के 47, होम्योपैथिक के 32 आयुर्वेदिक के 31, स्त्री रोग विशेषज्ञ ने 17 महिलाओं की निशुल्क जांच कर दवाएं दीं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज के नेतृत्व में आयोजित शिविर की मुख्य संयोजिका डॉ. अनामिका जिंदल व संयोजक संजय गर्ग ने बताया कि शिविर में करीब 439 पंजीकरण हुए। दूसरे दिन देहरादून के साथ ही मसूरी, काठगोदाम, चकराता, पौड़ी, टिहरी, मुजफ्फरनगर, शामली, कोटद्वार, कालसी, ऋषिकेश, बिजनौर आदि क्षेत्रों से लगभग 439 दिव्यांगों ने अपना पंजीकरण करवाया।
ओपीडी में 25 चिकित्सकों ने कान, आंख के साथ ही अन्य बीमारियों की जांच की। विधायक खजान दास, विनोद चमोली और डीएस मान ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए। इस मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिव्यांग छात्रों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर शिवसेना प्रमुख गौरव कुमार, सुनील कुमार अग्रवाल, अरुण खरबंदा, पंकज मैंसोन, रेखा चौधरी, कान्हा मित्तल, शशिकांत सिंगल, बबीता, संस्कृति, सीमा, विनीत गुप्ता, नवीन गुप्ता, विक्की गोयल, पुनीत, आदित्य गर्ग, रमा वर्मा आदि मौजूद रहे।
आज ट्राई साइकिल, व्हील चेयर बांटी जाएंगी
शिविर के तीसरे दिन सोमवार को एनआईबीएच की टीम कानों के सुनने की मशीन, छड़ी, बाय साइकिल, व्हीलचेयर, चश्मे आदि निशुल्क वितरित करेगी। इसके लिए लाभार्थी को अपना आधार कार्ड व दो फोटो लाना आवश्यक होगा।