ramesh pokhriyal nishank and harish rawat
पूर्व सीएम और हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर पूर्व सीएम हरीश रावत को बहस की चुनौती दी है। उन्होंने कहा है कि रावत भी आंकड़ों के साथ सामने आएं और वह भी आएंगे, तब सारी स्थिति पर दो टूक बात हो जाएगी।
निशंक ने कहा-राज्य की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है और यह हाल कांग्रेस की वजह से बना है। उत्तराखंड के पहले वित्त मंत्री रहे निशंक ने आर्थिक मामले पर अपना नजरिया भी सामने रखा। उन्होंने कहा-जितनी चादर है, हमें उतने ही पैर पसारने चाहिए।
अपने कैंप कार्यालय में मीडिया से बातचीत में निशंक ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अंधाधुंध कर्ज लेकर प्रदेश को चौराहे पर लाकर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज राज्य साढे़ चार हजार करोड़ का तो सिर्फ ब्याज ही चुका रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर ये ही होगा कि हम बाजार के कर्ज से बचें। अपने जितने संसाधन हैं, उसका बेहतर इस्तेमाल करते हुए आगे बढे़ं।