सेलाकुई। संगध पौधा केंद्र में उत्तराखंड इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन एवं सीजीएसटी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जीएसटी विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में क्षेत्र के विभिन्न उद्यमियों ने प्रतिभाग किया। उन्हें सबका विश्वास योजना के बारे में जानकारी दी गई।
सीजीएसटी देहरादून के सहायक आयुक्त एएन हक ने बताया कि सबका विश्वास योजना उद्योगों के लिए लायी गई है। इसके अंतर्गत उद्योगपतियों के टैक्स में लाभ दिया जाता है। इस योजना के अंतर्गत ब्याज एवं पेनल्टी पर विशेष छूट दी जाती है। जिसके तहत 50 लाख से नीचे की आय पर 30 प्रतिशत टैक्स और 50 लाख से ऊपर 40 प्रतिशत टैक्स अदा करना होगा। इसके अलावा यदि किसी उद्योगपति या औद्योगिक इकाई ने आज तक टैक्स अदा नहीं किया है। अब वह सरकार को टैक्स देना चाहता है तो सरकार उससे केवल टैक्स लेगी पेनल्टी और ब्याज नहीं।
उत्तराखंड इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने कहा कि यदि किसी उद्योगपति की औद्योगिक इकाई से जुड़ी कोई समस्या है तो वह सीधे एसोसिएशन अथवा वस्तु एवं सेवा कर कार्यालय देहरादून से संपर्क कर सकता है। एसोसिएशन हमेशा उद्योगपतियों के विकास के लिए तत्पर है।
इस अवसर पर वस्तु एवं सेवा कर सेलाकुई सुपरिटेंडेंट रचिता वर्मा, शैलेंद्र शाह, उद्योगपति जितेंद्र कुमार, महेश चंद्र शर्मा, पंकज गुप्ता, सुनील कुमार, योगेश कुमार, परमानंद डंगवाल, विजेंद्र सिंह, राजेश कुमार, नीरज सिंह, सतीश कुमार, प्रवेश कुमार, एचएस यादव, दीपक रावत, विनय तिवारी, सोहनलाल, विशाल डोगरा आदि मौजूद रहे।