शहर के कॉलेजों में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं में उत्साह दिख रहा है। हालांकि, कोविड गाइडलाइन के चलते प्रवेश के लिए छात्रों को कम संख्या और निश्चित अंतराल के बाद कॉलेज में बुलाया जा रहा है।
सोमवार को शहर के विभिन्न कॉलेजों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को कॉलेज के मुख्य द्वार पर ही बिना मास्क के परिसर में नहीं जाने के लिए कहा जा रहा है। इसके अलावा तापमान जांचने और हाथों को सैनिटाइज करने के बाद परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है। परिसर में भी सामाजिक दूरी की व्यवस्था बनाई जा रही है। सोमवार को एमकेपी पीजी कॉलेज, एसजीआरआर पीजी कॉलेज और दून विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं ने प्रोसपेक्टस खरीदे। जिन विद्यार्थियों की काउंसिलिंग हुई उन्हें ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी।
एमकेपी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रेखा खरे ने बताया कि प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उधर, डीबीएस पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीसी पांडेय ने बताया कि आठ सितंबर को पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
----
डीएवी कॉलेज में सुधार के लिए एक और मौका
डीएवी में ऑनलाइन पंजीकरण में त्रुटि सुधार सात और आठ सितंबर को किया जा सकता है। डीएवी पीजी कॉलेज में स्नातक (बीए, बीएससी, बीकॉम) प्रथम सेमेस्टर के लिए जिन विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन के लिए पंजीकरण किया है और किसी प्रकार की त्रुटि हो गई है तो ऐसे विद्यार्थी सात और आठ सितंबर की शाम पांच बजे तक उसमें सुधार कर सकते हैं। डीएवी पीजी कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. हरिओम शंकर ने बताया है कि त्रुटि सुधार डीएवी कॉलेज की वेबसाइट www.davpgcollege.in पर ऑनलाइन किया जा सकता है। इस प्रक्रिया के बाद प्रवेश के लिए ऑनलाइन ही पहली मेरिट जारी कर दी जाएगी।