कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों पर एस्मा लगाने पर बाकी कर्मचारी संगठनों के तेवर भी तल्ख होने लगे हैं। कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि एस्मा लगा तो वे भी हड़ताल पर चले जाएंगे।
संगठनों का यह भी कहना है कि शासन सोमवार को हुए समझौते के मुताबिक कार्यवृत्त जारी कर दे तो मिनिस्ट्रीयल कर्मी हड़ताल खत्म कर देंगे।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट भवन में हुई कर्मचारी संगठनों की बैठक में सभी संगठनों ने सरकार से मांग की कि एस्मा का आदेश तीन दिन में वापस लिया जाए।
उत्तरांचल मिनिस्ट्रीयल फेडरेशन आफ सर्विसेज एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री सुनील दत्त कोठारी ने बताया कि सोमवार को बैठक में उपसमिति की अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री इंदिरा हृदयेश और हरक सिंह रावत के सामने समझौता हुआ था कि इस बाबत कार्यवृत्त जारी किया जाएगा।
समिति के सदस्य सभी मांगों से सहमत थे, लेकिन मंगलवार को कार्यवृत्त जारी नहीं किया गया। अब कहा जा रहा है कि पटवारी और लेखपालों से बात करके फैसला 20 दिन में किया जाएगा। हड़ताल वापस लेने पर ही जीओ जारी होने की बात कही जा रही है।