किसान भवन, राज्य कर, सूचना, खाद्य आपूर्ति विभाग के गेट पर की मीटिंग
-18 सूत्री मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का दूसरा दिन
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर चल रहे आंदोलन के दूसरे दिन कर्मचारियों ने रिंग रोड स्थित किसान भवन के गेट पर मीटिंग कर जनजागरण किया। इसके अलावा आयुक्त कर मुख्यालय, सूचना विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग के गेट पर भी मीटिंग की गई।
शुरुआत किसान भवन से हुई, जहां कृषि विभाग के कर्मचारियों के साथ परिषद के 18 सूत्री मांगपत्र पर चर्चा की गई। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली एवं ढांचा पुनर्गठन को प्रमुख मांग के रूप में रखा। आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की गई। यहां प्रताप कुमार, सोनाली, फैसल, प्रमोद गौनियाल, दीपक गुसाईं, अजय, हरीश, वर्षा एवं मयूरी सहित कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय प्रवक्ता हर्ष डी जोशी ने अधिकाधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया। कोषाध्यक्ष विजय कुमार भी उपस्थित रहे। प्रदेश कोषाध्यक्ष रविंद्र चौहान, गन्ना पर्यवेक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश डबराल ने कहा कि यह अभियान सफल होगा।
इसके बाद परिषद के दल ने आयुक्त कर मुख्यालय में गेट मीटिंग की, जहां जगमोहन सिंह नेगी, जसवंत सिंह, मनमोहन सिंह नेगी, राजेंद्र सिंह बिष्ट, अरविंद सिंह चौहान एवं प्रकाश असवाल उपस्थित रहे। महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने कहा कि ढांचा पुनर्गठन, राज्य कर अधिकारी नियमावली निर्माण सहित सभी प्रमुख बिंदु परिषद के मांग पत्र में शामिल हैं। फिर लोक सूचना विभाग के गेट पर मीटिंग हुई, जिसमें कैलाश रावत, अंकित चौहान सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
परिषद ने फिर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग पर गेट मीटिंग की, जिसका संचालन चौधरी ओमवीर सिंह ने किया। उनके साथ कमल चौहान, रोशन डंगवाल, ममता गवाड़ी एवं मदन प्रसाद बहुगुणा भी उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडे ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग संगठन का मांग पत्र पूर्व में शासन स्तर से आयुक्त को समस्याओं के निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया था लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चम्पावत, नैनीताल, पौड़ी एवं टिहरी जनपदों सहित तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालयों पर भी जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को विकास भवन, समाज कल्याण विभाग, महिला आईटीआई व सर्वे चौक के आसपास गेट मीटिंग होगी।