एक बार फिर से राजाजी पार्क में पर्यटक खुली जिप्सी या जीप में सफारी कर प्रकृति का आनंद ले सकेंगे। आरटीओ लगभग पचास सफारी वाहनों को परमिट जारी करने जा रहा है। पिछले वर्ष सभी वाहनों के पहिये आरटीओ ने जाम कर दिए थे। आरोप था कि बिना परमिट के इन वाहनों से व्यवसायिक काम लिया जा रहा है।
आरटीओ ने लगाई थी रोक
असल में राजाजी पार्क में पर्यटकों को रात और दिन की सफारी वन विभाग के वाहन नहीं कराते। एक समिति से जुड़े लोग अपने वाहनों से पर्यटकों को पिछले साल तक पार्क की यात्रा कराते रहे थे। लेकिन पिछले वर्ष ही आरटीओ विभाग ने सभी वाहनों को सीज करना शुरू कर दिया।
बिना लाइसेंस के चल रहे थे वाहन
आरटीओ का आरोप था कि यह वाहन बिना परमिट के चल रहे हैं। वाहनों को सीज करते ही सफारी बीच सीजन में ही रोक दी गई। लेकिन इस बार समिति ने पार्क का गेट खुलने से पहले ही आरटीओ के पास अपने लगभग पचास वाहनों को परमिट जारी करने के लिए भेज दिया।
आरटीओ दिनेश चंद्र पठोई ने बताया आवेदन करने वालों को फीस लेकर परमिट जारी कर दिया जाएगा। यह वाहन पार्क के 40 किमी के क्षेत्र में ही सफारी करा सकेंगे। अगर नियम तोड़ा तो फिर आरटीओ विभाग कार्रवाई करेगा।