ट्रांसफार्मर की केबल बलास्ट होने से सेलाकुई नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। तकनीकी खराबी की सूचना पर विद्युत वितरण खंड की टीम ने केबल को ठीक करना शुरू किया। करीब छह घंटे बाद बिजली बहाल हो सकी। उधर, बिजली नहीं आने से लोगों को पेयजल के साथ ही कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बुधवार की सुबह लगभग सात बजे बिजली घर में लगे मेन ट्रासंफार्मर की केबल धमाके के साथ बलास्ट हो गई। इस दौरान सेलाकुई नगर व भाऊवाला फीडर से जुड़े क्षेत्रों में आपूर्ति ठप हो गई। विद्युत वितरण खंड के अधिकारी-कर्मचारियों ने लगभग छह घंटे के बाद केबल को ठीक कर आपूर्ति को बहाल कराया। सुबह के समय बिजली नहीं आने से नगर व आसपास के ग्रामीण इलाकों में पेयजल आपूर्ति बाधित रही। क्षेत्रवासी नरगिस कश्यप, उदित नारायण, अमन अहमद ने बताया कि नगर के मेन बाजार से लेकर बायखाला, जमनपुर, प्रगति विहार, हरिपुर आदि क्षेत्रों में पेयजल की किल्लत ने स्थानीय निवासियों व व्यापारियों को परेशानी में डाल दिया। विद्युत वितरण खंड के एसडीओ नवनीत गुप्ता ने बताया कि तकनीकी कारणों से केबल में ब्लास्ट हो गया था। केबल को ठीक कर दिया गया है। क्षेत्र में आपूर्ति सुचारू है।