जेपीआरआर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कठंग के पास एक कार अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार में सवार छह लोग घायल हो गए। सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी लाया गया। जहां गंभीर रूप से घायल एक महिला और उनकी तीन वर्ष की बेटी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का स्वास्थ्य सामान्य है।
बुधवार की शाम हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के छह लोग कार से जुब्बल रिश्तेदार के घर जा रहे थे। कार में तीन लोग एक ही परिवार के और तीन रिश्तेदार सवार थे। जेपीआरआर राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्यूणी बाजार से आगे कठंग के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई। जब तक चालक को समझ आता कार 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में कार चला रहे शिमला जिले की नेरवा तहसील के जसवंत (24) पुत्र केसर सिंह, रिपना देवी (37) पत्नी सतपाल सिंह, संतोषी (29) पुत्री जोकरू राम, शिमला जिले की कोटखाई तहसील के दरकोटी निवासी मुनीश (28) पुत्र हरिसिंह, उनकी पत्नी सुमन (26) और बेटी काविश (3) घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी भिजवाया।
थाना प्रभारी त्यूणी आशीष रवियान ने बताया कि चिकित्सक ने गंभीर रूप से घायल सुमन और उनकी बेटी काविश को हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया कि दुर्घटना के कारण की जांच की जा रही है।