विकासनगर। मरम्मत कार्य के चलते उपसंस्थान विकासनगर से जुड़े नगर पालिका क्षेत्र के साथ ही ग्रामीण अंचल के दर्जनों गांवों में सात घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। इसके चलते लोगों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ी।
मरम्मत कार्य के चलते एनफील्ड, नगर पालिका, टाउन, कटापत्थर, डाकपत्थर और बरोटीवाला फीडर को सुबह 10 बजे बंद कर दिया गया था। इस कारण इन फीडरों से जुड़े एनफील्ड लाइन, बुलाकीवाला, मंडी, पश्चिमीवाला, अस्पताल रोड, नगर पालिका, पहाड़ी गली, पंजाबी कालोनी, बाबूगढ़, अंबाड़ी, डाक्टरगंज, बाड़वाला, राजावाला, रसूलपुर, जीवनगढ, तेलपुर, डाकपत्थर, डांडा, बरोटीवाला, लक्ष्मीपुर, मूलकावाला, मटोगी, मर्दसू आदि क्षेत्रों की बिजली गुल रही। शाम पांच बजे बाद फीडर वाइज इलाकों को बिजली बहाल की गई। यूथ कांग्रेस के पूर्व महासचिव अमरदीप मजीठिया ने कहा कि बिजली कटौती की पूर्व में जानकारी भी नहीं दी गई। मैसेज के माध्यम से भी उपभोक्ताओं को जानकारी दी जानी चाहिए थी। आरोप लगाया कि अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किए। अधिशासी अभियंता प्रदीप शर्मा ने बताया कि पैनलों की मरम्मत के चलते शटडाउन लिया गया था। इसकी सूचना अखबार के माध्यम से लोगों को पूर्व में दे दी गई थी।