- हल्द्वानी में छात्रा से यौन उत्पीड़न की घटना होने के बाद छात्र आक्रोशित
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। हल्द्वानी में 16 वर्षीय छात्रा से कथित यौन उत्पीड़न के मामले में एबीवीपी से जुड़े छात्रसंघ अध्यक्ष पद प्रत्याशी के विरोध में सोमवार को डाकपत्थर महाविद्यालय में एनएसयूआई ने प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थी परिषद का पुतला दहन कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग उठाई। जिला महासचिव पछवादून गगनदीप सिंह ने कहा कि यह प्रकरण भाजपा और संघ की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने अंकिता, सल्ट और लालकुआं की घटनाओं का उल्लेख करते हुए प्रदेश में महिला उत्पीड़न के मामलों पर सवाल उठाए।
जिला सचिव राेहित रतूड़ी ने कहा कि प्रदेश में महिला उत्पीड़न की घटनाओं में लगातार भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। बेटियों के सम्मान और न्याय की लड़ाई राजनीतिक दबाव से नहीं रुकेगी। प्रदर्शन में सुलभ राणा, मनीष सिंह, अरशद, अमान, रिहान,जन्नत, प्रिया आदि मौजूद रहे।