- बीएलए की माता के निधन पर शोक में घोषित किया गया अवकाश, इमरजेंसी सेवाएं रहीं जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। उप जिला अस्पताल में सोमवार को शोक के चलते दोपहर 11:30 बजे के बाद ओपीडी सेवाएं बंद कर दी गईं। अस्पताल के बीएलए अखिलेश पांडे की माता के निधन पर शोक में अवकाश घोषित किया गया। इसके चलते सिर्फ सुबह पंजीकरण कराने वाले मरीजों को ही चिकित्सकीय परामर्श मिल सकी। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने इमरजेंसी और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखीं।
सुबह पंजीकरण कराने वाले मरीजों को फिजिशियन डॉ. उमंग नौटियाल और छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल उपाध्याय ने देखा। इस दौरान मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच भी की गई। स्त्री एवं प्रसूति रोग ओपीडी में भी सुबह पंजीकरण कराने वाले मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। वहीं, ओपीडी बंद होने के बाद अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को नियमित ओपीडी का लाभ नहीं मिल सका।
इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को मेडिकल अफसरों के माध्यम से उपचार दिया जाता रहा। अस्पताल के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अलिंद्र पोखरियाल ने बताया कि कर्मचारी की माता के निधन पर शोक के चलते अवकाश घोषित किया गया था। सुबह पंजीकृत मरीजों को चिकित्सकों ने परामर्श दिया। इमरजेंसी सेवाएं पहले की तरह संचालित रहीं, ताकि आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को उपचार के लिए परेशानी न हो।