शिक्षा निदेशालय ने गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के अपर निदेशकों को प्रभावित अतिथि शिक्षकों के समायोजन के निर्देश दिए हैं। अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा महावीर सिंह बिष्ट ने दिए निर्देश में कहा, सहायक अध्यापक एलटी व्यायाम के पदों से प्रभावित शिक्षकों को समायोजित किया जाए।
शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक एलटी व्यायाम में सीधी भर्ती और प्रांरभिक शिक्षा से एलटी के पदों पर पदोन्नति से कई अतिथि शिक्षकों की सेवाएं प्रभावित हुई हैं। खासकर व्यायाम विषय में तैनात अतिथि शिक्षक इससे प्रभावित हुए हैं। अतिथि शिक्षक संगठन पिछले काफी समय से इन शिक्षकों के समायोजन की मांग कर रहा था। शिक्षा विभाग ने प्रभावित शिक्षकों को समायोजित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देश में कहा गया है कि मंडल में इन शिक्षकों को समायोजित किया जाए। यदि प्रभावित अतिथि शिक्षकों के समायोजन के लिए पद खाली न हों तो उन अतिथि शिक्षकों की जो अन्य विषयों की अर्हता पूरी करते हैं उनके प्रस्ताव शिक्षा निदेशालय को भेजे जाएं।