पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि सीएम रहते हुए उन्होंने भी क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। उन्होंने अपने कार्यकाल के विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार, विधायक सौरभ बहुगुणा, विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, नगर पंचायत चेयरमैन सुकांत ब्रह्म, सुरेश परिहार, सुमन राय, अनीमा हालदार, शिखा हालदार, रबिन खान, कार्तिक राय, संजय बाछाड़, अमरजीत सिंह कटवाल, खतीब अहमद, रतन लाल गुप्ता, राकेश गुप्ता, अजय जायसवाल, राकेश त्यागी, नरेश कंसल, जगदीश डालमिया आदि थे। संचालन मयंक अग्रवाल, संजय बाछाड़ और रवि मजूमदार ने किया।
दिल खोलकर गिनाईं प्रदेश सरकार की उपलब्धियां
जनसभा के दौरान सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपनी सरकार के अब तक के कार्यकाल की उपलब्धियों को दिल खोल कर गिनाया। सीएम ने कहा कि सरकार ने एक वर्ष के कार्यकाल में राज्य को स्वच्छ और सुशासन की सरकार देने के लिए काम किया। हमारी सरकार सोच एवं चिंतन वाली सरकार है। प्रदेश को भ्रष्टाचारमुक्त बनाया है। सीएम ने कहा कि ऊर्जा विभाग 288 करोड़ के घाटे में चल रहा था। एक वर्ष में दो सौ करोड़ से अधिक के घाटे को कम किया गया। रोडवेज में भी हम 150 करोड़ के घाटे से उबरे हैं। इसके अलावा खनन में 28 फीसदी राजस्व की बढ़ोतरी की गई है। कहा कि खनन से मिलने वाले चार सौ करोड़ के राजस्व को बढ़ाकर आठ सौ करोड़ पहुंचाने का लक्ष्य है। कहा कि खनन टेंडर में पूलिंग की शिकायत पर टेंडर निरस्त कर दिया गया था। सीएम ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर तंज कसा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार शराब, खनन और भूमाफिया से घिरी थी। उनके (त्रिवेंद्र रावत) राज में सचिवालय और आवास पर कोई माफिया नहीं आ सकता। भ्रष्टाचारी शासन की वजह से पूर्व सीएम हरीश रावत को दोनों विधानसभाओं पर हार मिली।