समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ट्रांसफार्मर में फाल्ट आने के कारण ढकरानी गांव की बिजली आपूर्ति दो दिनों से बंद है। जिसके चलते भीषण गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को मुसीबत उठानी पड़ रही है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद ऊर्जा निगम टस से मस तक नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
ट्रांसफार्मर में आए फाल्ट के कारण सोमवार को ढकरानी गांव के एक हिस्से की आपूर्ति बंद हो गई थी। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली आपूर्ति के ठप हो जाने की सूचना ऊर्जा निगम के हरबर्टपुर स्थित कार्यालय को दी लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी न तो फाल्ट को ठीक किया गया और न ही प्रभावित क्षेत्र की आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व समाज सेवी अय्यूब हसन ने बताया कि ऊर्जा निगम के उपकरण गर्मी के मौसम में जवाब दे रहे हैं और अधिकारी लोड बढ़ने की बात कहकर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि दो दिनों से भीषण गर्मी के मौसम में ग्रामीण बिना बिजली के रह रहे हैं।
बताते चलें कि ढकरानी गांव विकासनगर ब्लाॅक का आबादी के लिहाज से सबसे बड़ा गांव है। बिजली नहीं आने से लगभग आधा गांव मुसीबत में है। निगम के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि हरबर्टपुर एसडीओ से जानकारी करके और ट्रांसफार्मर के फाल्ट को देर शाम तक ठीक करके आपूर्ति को बहाल करा लिया जाएगा।