सीबीआरआई से सेवानिवृत्त मनीराम सैनी और सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त भगत सिंह रावत कहते हैं कि बूंद-बूंद से घड़ा भरता है, यह बात गलत नहीं है। आज की छोटी-छोटी बचत कल कब निश्चित बड़ा रूप ले, यह कोई नहीं जानता। ऐसे में आज के परिदृश्य में बचत की काफी आवश्यकता है, क्योंकि बुरा वक्त कह कर नहीं आता। ऐसे ही वक्त छोटी-छोटी बचत काफी काम आती है। बच्चे भी पैसे का मोल जानें, इसलिए परिजनों को बच्चों को गुल्लक में पैसे जमा करने की आदत डालनी चाहिए। गुल्लक इसका अच्छा जरिया है।
प्लेट और स्टैंड वाले दीये पसंद कर रहे लोग
बाजार में इस बार अलग-अलग डिजाइन के दिये आए हैं। दीपावली पर लोग मिट्टी के दीयों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। बीटी गंज बाजार में दीयों की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग दुकानों से खासकर इस बार प्लेट और स्टैंड वाले दीये खरीद रहे हैं। इसके अलावा कुल्हड़, चौकड़ा और अलग-अलग रंगों से रंगे दीयों को भी खूब पसंद किया जा रहा है। दुकानदार नाथीराम बताते हैं कि प्लेट वाले दीये की कीमत 70, स्टैंड वाले दीयों की कीमत 200 रुपये, कुल्हड़ वाले दीये 10 से 15 रुपये, चौकड़ा 50 रुपये है।
दीपावली में बाजारों में दीयों व मूर्ति की मची धूम
बाजार में दीयों, मूर्ति से लेकर इलेक्ट्रिक उत्पादों की धूम मची है। दुकानों के बाहर सजी लाइटें लोगों को सहज ही अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। दीपावली पर मिट्टी के दीयों व अन्य स्वदेशी सामान खूब बिक रहे हैं। बाजार में सामान बेचने वाले दुकानदार मनीष प्रजापति का कहना है कि वह इस बार सिर्फ मिट्टी से बनी मूर्तियां बेच रहे हैं। इलेक्ट्रिक लाइट विक्रेता रकम सिंह व संजय कुमार ने बताया कि बाजार में लाइटिंग के आइटम की बिक्री बढ़ गई है।
धनतेरस पर लोगों ने की जमकर खरीदारी
धनतेरस पर खानपुर और गोवर्धनपुर के बाजारों में दिनभर चहलपहल रही। लोगों ने धनतेरस पर सोने, चांदी के आभूषणों के साथ-साथ बर्तनों, कपड़ों, लड़ियों आदि का सामान खरीदा। साथ ही सोने और चांदी के आभूषण सहित अन्य सामानों की खरीदारी की। व्यापारी पंकज कुमार और जमील आदि ने बताया कि कोरोनाकाल के बाद पहली बार बाजार में उछाल आ रहा है। दुकानों में ग्राहकों की भीड़ आना दुकानदारों के लिए अच्छा संकेत है।