दीपावली पर पटाखों को लेकर सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी का देहरादून में व्यापारियों ने विरोध किया है। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल ने कहा कि इस प्रकार की एडवाइजरी व्यापारियों के हित में नहीं है। इससे व्यापारियों को काफी नुकसान होगा। क्योंकि वह पटाखे खरीद चुके हैं। उन्होंने सरकार से अपने इस निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की है।
सरकार ने बुधवार को एक आदेश जारी किया है। इसके तहत दून, हरिद्वार, ऋषिकेश, हल्द्वानी, रुद्रपुर, एवं काशीपुर के नगरीय क्षेत्र में केवल ग्रीन पटाखे बेचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इन नगरों में पटाखे जलाने की अवधि भी सीमित कर दी है।
यहां केवल दो घंटे आठ से 10 बजे तक ही पटाखे जलाए जा सकते हैं। दीपावली पर एकाएक इस आदेश से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया है। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि कोरोना के कारण वैसे ही व्यापारियों का धंधा चौपट हो गया है।
कई व्यापारी दीपावली की आस लगाए बैठे थे। इससे की उनकी कमाई हो सके। व्यापारियों ने दीपावली के लिए पटाखे आदि भी खरीद लिए हैं और उनकी बिक्री शुरू भी कर दी है। वह पर्यावरण के प्रति सरकार की जागरूकता की सराहना करते हैं, लेकिन जब पर्व शुरू हो चुका है, ऐसे समय में इस प्रकार के आदेश से व्यापारियों को काफी आर्थिक नुकसान सहना पड़ेगा।