जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने आम यात्री के तौर पर हेली कंपनियों के हेलीपैड और कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेली प्रबंधन को जरूरी निर्देश भी दिए।
कहा कि अगर, ओवर रेट या ब्लैक टिकटिंग का कोई मामला प्रकाश में आया तो, संबंधित का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। सोमवार को प्रात: 7 बजे जिलाधिकारी बिना सरकारी वाहन व गनर के घिल्डियाल गुप्तकाशी पहुंचे।
यहां से उन्होंने सभी हेली कंपनियों के हेलीपैड का निरीक्षण किया। इस दौरान हेलीपैड पर तैनात किए गए कर्मियों से जानकारी मांगी। निरीक्षण के दौरान फाटा में नोएडा से पहुंचे अमरेश कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने ऑन लाइन टिकट बुक किया था।
एजेंट को दो टिकट के 17225 रुपये खाते में जमा कराए गए। लेकिन तय तिथि 22 मई को यहां पहुंचने पर न तो यह पता चल रहा है कि किसी हेलीपैड से जाना और न किसी हेलीकॉप्टर से। एजेंट से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।