हल्द्वानी निवासी प्रेमी-प्रेमिका शनिवार को रजिस्टर्ड विवाह रचाने के इरादे से नैनीताल पहुंचे तो कलक्ट्रेट में हंगामा खड़ा हो गया।
कलक्ट्रेट परिसर में मच गई भगदड़
इस युगल के दो संप्रदायों से जुड़े होने के कारण मारपीट तक की नौबत आ गई। इससे कलक्ट्रेट परिसर में भगदड़ मच गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रेमी-प्रेमिका को पकड़कर कोतवाली पहुंचा दिया।
बाद में इन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार अपराह्न करीब 12 बजे वनभूलपुरा निवासी 20 वर्षीय मुस्लिम युवक आवास विकास निवासी 24 वर्षीय हिंदू युवती के साथ कलक्ट्रेट परिसर पहुंचा।
जिसके बाद अधिवक्ता के माध्यम से उनके रजिस्टर्ड विवाह के लिए दस्तावेज तैयार किए जाने लगे। इसी बीच फड़ कारोबारियों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का जुलूस भी कलक्ट्रेट पहुंचा।
मौके पर ही विवाह का विरोध
इसी दौरान परिसर में मौजूद कुछ लोगों को अलग-अलग धर्म के प्रेमी जोड़े के विवाह रचाने की सूचना मिली। धार्मिक संगठनों से जुड़े और कुछ अन्य लोगों ने मौके पर ही विवाह का विरोध शुरू कर दिया।
देखते ही देखते माहौल बिगड़ने लगा और विरोध करने वालों में ही आपस में तीखी झड़प भी होने लगी। इससे कलक्ट्रेट परिसर में मौजूद अन्य लोग इधर-उधर भागने लगे।
वहां मौजूद पुलिस बल ने तत्काल प्रेमी युगल को संरक्षण में ले लिया और कोतवाली लाकर पूछताछ की। बाद में दोनों के परिजनों को बुलाया गया और देर शाम प्रेमी युगल को उनके सुपुर्द कर दिया गया।