स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने कोरोनेशन अस्पताल के मैडिट्रिना हॉस्पिटल के कार्डियक केयर यूनिट में अव्यवस्थाएं मिलने पर प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई। कार्डियक सर्जन और अन्य संसाधन न होने से हृदय रोगियों का उपचार नहीं हो पा रहा है।
सोमवार को डीजी हेल्थ सुनीता टम्टा ने कोरोनेशन अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने कोरोनेशन अस्पताल में अनुबंध पर संचालित हो रही मैडिट्रिना हॉस्पिटल प्रा.लि. कार्डियक केयर यूनिट का दौरा किया। इस दौरान कई खामियां मिलीं। कार्डियक यूनिट में चिकित्सक और अन्य संसाधन न होने की वजह से मरीजों के ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं। साथ ही ओपीडी भी घट गई है। उन्हाेंने कार्डियक यूनिट में 24 घंटे चिकित्सक तैनात करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल की इमरजेंसी और निर्माणाधीन ब्लड बैंक का भी दौरा किया। डीजी ने अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनु जैन को मरीजों के कल्याण की दिशा में प्राथमिकता से काम करने के निर्देश दिए। इस दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी प्रमोद पंवार, इन्दु शर्मा, सुशीला पंवार, बुद्धि नेगी, आरती आदि मौजूद रहीं।