धनतेरस की तैयारी में जुटे बर्तन कारोबारियों जबरदस्त उत्साह है। नए बर्तन मंगाने और उन्हें लगाने में देर रात तक दुकानों में काम चल रहा है। थोक विक्रेता संजय जायसवाल का कहना है थाली, कटोरी, गिलास, चम्मच, बाल्टी, जग, लोटा, भगोना समेत करीब 150 आइटम के जोड़े बनाने और सजाने में पूरी रात लगी है। उम्मीद है इस बार चार-पांच करोड़ रुपये बर्तन बाजार में आएंगे।
कपड़े की दुकानों के होंगे तीन दिन
परंपरा रही है कि होली और दीवाली पर नए कपड़े जरूर खरीदे जाते हैं। ऐसे लोगों की भी कमी नहीं है जो नए कपड़े पहनकर लक्ष्मी-गणेश की पूजा करते हैं। कपड़ा कारोबारी बसारत अली, दिनेश और संजय के मुताबिक धनतेरस, छोटी दीवाली और बड़ी दीवाली पर कपड़ों की अच्छी बिक्री होती है। लेडीज ड्रेस के विक्रेताओं को उम्मीद है नए स्टॉक से त्योहार अच्छा जाएगा।
छूट पर गए तो लुट जाएंगे
त्योहारी सीजन में कार से लेकर मोबाइल तक भारी भरकम छूट दी जा रही है, लेकिन विशेषज्ञों की राय है कि ग्राहक केवल बड़ी छूट देखकर सामान खरीदेंगे तो लुट जाएंगे। कार खरीदने वालों को छूट की बजाय कार की विशेषता देखनी चाहिए। कार की क्षमता, माइलेज, भविष्य में होने वाले खर्च पर ध्यान देना चाहिए। कार में अंदर जगह, स्टोरेज स्पेस, इंजन क्षमता, पावर, स्टोरेज और बैठने की क्षमता, पैर रखने और फैलाने की जगह भी देखें। गाड़ी के अंदर की सुविधाओं को भी परख लें। विशेषज्ञों का कहना है कि बिक्री के बाद सर्विस, पार्ट की आसान उपलब्धता और उनकी कीमत, रखरखाव खर्च आदि को समझने के बाद कार खरीदना समझदारी भरा कदम हो सकता है।