धामी सरकार ने शनिवार को अफसरशाही में बड़ा बदलाव किया है। 19 आईएएस और 11 पीसीएस अफसरों के तबादले किए गए हैं। इसके तहत आवास, स्वास्थ्य, पेयजल, सहकारिता, आयुष, नियोजन जैसे अहम विभागों के सचिव बदले गए हैं। वहीं, हाल ही में पदोन्नत होकर सचिव बनने वाले अफसरों को भी जिम्मेदारी दी गई है।
प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम का बोझ हल्का करते हुए सरकार ने उनसे आवास, मुख्य प्रशासक आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी हटा दी है। उन्हें कोई नया विभाग नहीं सौंपा गया। सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगौली से पेयजल हटाकर रणवीर चौहान को दिया गया है। सचिव रणवीर सिंह चौहान से राज्य संपत्ति व आयुक्त खाद्य की जिम्मेदारी हटाई गई है।
सचिव सचिन कुर्वे को अब नागरिक उड्डयन के साथ ही चिकित्सा स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा, आयुक्त स्वास्थ्य, प्रोजेक्ट डायरेक्टर हेल्थ सिस्टम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सचिव वित्त दिलीप जावलकर से सरकार ने निदेशक ऑडिट की जिम्मेदारी हटा दी है। बाकी विभाग यथावत रखे गए हैं। सचिव पशुपालन डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम से सहकारिता हटाकर हाल ही में सचिव बने डॉ. अहमद इकबाल को सौंप दिया गया है। सचिव डॉ. आर राजेश कुमार से स्वास्थ्य महकमा ले लिया गया है। उन्हें अब आवास, राज्य संपत्ति विभाग, आयुक्त आवास, मुख्य प्रशासक उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।