डेंगू के मामलों के बढ़ते रहने से स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। इस बार डेंगू के मामलों को लेकर ज्यादा संवेदनशील हो रहे रायपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग विशेष नजर बनाए है। क्षेत्र के दौरा कर विभाग लोगों को जागरूक कर रहा है।
बुधवार को जिला वैक्टर जनित रोग अधिकारी सुभाष जोशी और पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डॉ. एलएम उप्रेती के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सहस्त्रधारा रोड और रायपुर रोड से सटी बस्तियों, चूना भट्टा के आसपास, शक्ति विहार, विजयनगर, विकास लोक, केवल विहार, वाणी विहार, भगत सिंह कॉलोनी, सपेरा बस्ती व शांति विहार आदि कॉलोनियों में भ्रमण कर डेंगू के प्रति लोगों को जागरूक किया।
इस दौरान टीम में रायपुर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद शुक्ला उनकी स्कूल हेल्थ टीम, अधोईवाला पार्षद संजय मल्होत्रा, वाणी विहार पार्षद हुकम सिंह गडिया, नगर निगम के सुपरवाइजर राकेश व जयप्रकाश और क्षेत्रीय आशा कार्यकर्ता भी शामिल रहे। जिला वैक्टर जनित रोग अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों को अलर्ट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सभी अस्पतालों को निर्देश जारी किए हैं कि मरीजों के उपचार में किसी तरह लापरवाही न बरती जाए।