उत्तराखंड में डेंगू के डंक मारने का कहर जारी है। राजधानी दून में सोमवार को नए मरीजों के आने का सिलसिला जारी है। दो मरीजों को दून अस्पताल और एक को सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसको लेकर आम लोगों में खौफ का माहौल बना हुआ है।
हालांकि अस्पतालों में भर्ती पुराने मरीजों की स्थिति स्थिर बनी हुई है। पिछले लगभग एक सप्ताह से डेंगू के मरीजों के आने का सिलसिला जारी है। शहर के सभी प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों में लगातार डेंगू से पीड़ित मरीजों को भर्ती किया जा रहा है।
तीन मरीजों को रिलीव कर दिया
इसको लेकर स्वास्थ्य महकमे की ओर से डॉक्टरों को विशेष सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है, जिससे किसी भी मरीज की हालत खराब न होने पाए। दून अस्पताल की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक सोमवार को हरिद्वार के दो नए मरीजों को दून अस्पताल में दाखिल कराया गया। जबकि, प्रकाश विहार की मूर्ति देवी को सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिनर्जी अस्पताल के तीन पुराने मरीजों को रिलीव कर दिया गया। दून अस्पताल में अभी भी 15 मरीजों का इलाज चल रहा है।
अजय भट्ट ने डेंगू वार्ड का किया निरीक्षण
नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने सोमवार को दून अस्पताल के डेंगू वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों का हाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और डाक्टरों को निर्देश दिया कि डेंगू के मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर इजाज किया जाए। इसके अलावा दून ग्रुप आफ हास्पिटल के निदेशक डा.एलके गुसाई ने भी दून अस्पताल के डेंगू वार्ड के व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भी मरीजों को खास ख्याल रखने की हिदायत दी।